➡️कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, अनुपस्थित डॉक्टर्स को नोटिस

राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज बसंतपुर स्थित शासकीय जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रहे इलाज और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, दवाई वितरण शाखा, फार्मेसी, शिशु वार्ड, पेईंग वार्ड सहित अस्पताल की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को बेहतर इलाज और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मातृ-शिशु अस्पताल में दिखी कमी, जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री यादव ने बसंतपुर स्थित 100 बिस्तर मातृ-शिशु अस्पताल का भी दौरा किया। अस्पताल के सुरक्षा वार्ड में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समुचित व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पोस्ट नेटल कक्ष का भी अवलोकन किया और परिजनों से भेंट कर सुविधाओं एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
अनुपस्थित डॉक्टर्स को कारण बताओ नोटिस
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि कलेक्टर ने ओपीडी में ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए डॉक्टर्स को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे जिला चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई निरंतर रखने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. चंद्रवंशी सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



