अरसीटोला सबस्टेशन की क्षमता दोगुनी, अब बिना रुकावट चलेंगे सिंचाई पंप

Picture of Deepak Vaishnava

Deepak Vaishnava

FOLLOW US:

SHARE:

Spread the love

डोंगरगांव, 22 अगस्त 2025

​राजनांदगांव जिले के ग्रामीण अंचलों में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से अब हजारों उपभोक्ताओं को निजात मिलेगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत डोंगरगांव उपसंभाग के अरसीटोला 33/11 के.व्ही. उपकेंद्र में 52 लाख रुपये की लागत से 3.15 एम.व्ही.ए. का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत कर दिया है।

​इस नए ट्रांसफार्मर का शुभारंभ राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट के करकमलों द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्य के संपन्न होने से अरसीटोला उपकेंद्र की क्षमता अब दोगुनी होकर 3.15 एम.व्ही.ए. से 6.30 एम.व्ही.ए. हो गई है।

किसानों और 5715 उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

​कार्यपालन अभियंता श्री बीरबल उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि पुराना ट्रांसफार्मर अक्सर ओवरलोड हो जाता था, खासकर जब किसान सिंचाई के लिए एक साथ कृषि पंप चलाते थे। इससे लोड शेडिंग और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या उत्पन्न होती थी। इस नए ट्रांसफार्मर के लगने से क्षेत्र के 23 गांवों के लगभग 5715 उपभोक्ताओं को अब निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली मिलेगी।

लाभान्वित होने वाले प्रमुख गांवों में कोकपुर, आसरा, आड़ाम, बम्हनीभाटा, जन्तर, चिद्दो, अरसीटोला, बिटाल, तेलगान, हैदलकोड़ो, खुर्सीपार, बागद्वार सहित अन्य कई गांव शामिल हैं।

​इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर अधीक्षण अभियंता श्री एस. कंवर सहित विद्युत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया।

Deepak Vaishnava
Author: Deepak Vaishnava

.

Leave a Comment