
राजनांदगांव, 23 सितंबर 2025 —
राजनांदगांव के छुरिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत नागरकोहरा में रविवार को आयोजित एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का सफल समापन हो गया। इस आयोजन में ग्रामवासियों और खिलाड़ियों का भरपूर उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चुम्मन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को जीवित रखने के लिए आयोजक समिति और ग्रामीणों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “कबड्डी छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ा एक पुराना खेल है, जिसे ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणजन जीवित रख रहे हैं। इसके लिए मैं आप सभी को हृदय से बधाई देता हूं।”
श्री साहू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ खेलने की सलाह दी और कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन नियमों का पालन करने वाले खिलाड़ी ही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को हर वर्ष आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वे हमेशा उनके लिए तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच कवर मैडम, उपसरपंच पीतांबर कवर, पूर्व सरपंच भारत साहू, महाराजपुर सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष नूतन साहू, और वरिष्ठजन जैसे केवलराम साहू, रवि वैष्णव, संतोष कंवर, शंकरराम साहू, झग्गरराम साहू, निर्मल हीमवर तथा पूर्णिमा साहू (जीवन बीमा अभिकर्ता) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खिलाड़ी मौजूद थे।
पूरा कार्यक्रम ग्रामीणों की तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों के उत्साह के बीच संपन्न हुआ। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और एकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।



