राजनांदगांव, 11 अगस्त 2025:
राजनांदगांव जिले के 20,380 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 33 करोड़ 23 लाख 21 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। यह भुगतान रबी 2024 की फसल कटाई के बाद मिले आंकड़ों के आधार पर सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा किया गया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान के झुंझुनू से इसकी शुरुआत की।
तहसीलवार भुगतान की स्थिति:
- राजनांदगांव: 2223 किसानों को 4.67 करोड़ रुपये
- घूमका: 5297 किसानों को 10.85 करोड़ रुपये
- डोंगरगढ़: 6957 किसानों को 9.73 करोड़ रुपये
- लाल बहादुर नगर: 2749 किसानों को 3.76 करोड़ रुपये
- डोंगरगांव: 1075 किसानों को 7.39 करोड़ रुपये
- छुरिया: 2060 किसानों को 3.46 करोड़ रुपये
- कुमरदा: 19 किसानों को 36,759 रुपये
खरीफ 2025 के लिए बीमा की अंतिम तिथि बढ़ी
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों का शत-प्रतिशत बीमा कराएं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने खरीफ 2025 के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। अब अऋणी किसान 14 अगस्त 2025 तक और ऋणी किसान 30 अगस्त 2025 तक अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं।
बीमा कराने की प्रक्रिया और महत्वपूर्ण जानकारी
किसान धान (सिंचित और असिंचित), मक्का, मूंगफली, मूंग, उड़द, सोयाबीन, अरहर, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों का बीमा करा सकते हैं। यह योजना उन सभी किसानों के लिए है, जो अधिसूचित क्षेत्रों में खेती करते हैं, चाहे वे भू-धारक हों या बटाईदार।
- ऋणी किसानों के लिए यह योजना वैकल्पिक है। अगर वे बीमा नहीं कराना चाहते, तो उन्हें अंतिम तिथि से 7 दिन पहले संबंधित बैंक में घोषणा पत्र जमा करना होगा, अन्यथा उन्हें अनिवार्य रूप से बीमाकृत कर दिया जाएगा।
- अऋणी किसान बुवाई का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज जमा करके योजना का लाभ उठा सकते हैं।
उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ने बताया कि किसान अपने नजदीकी बैंक, सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र या एआईडीई मोबाइल ऐप के माध्यम से बीमा करा सकते हैं। किसानों को किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 14447 और 18004190344 पर संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।




