
राजनांदगांव
तेज़-तर्रार और लोकप्रिय आईपीएस अधिकारी सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) ने सोमवार, 27 अक्टूबर 2025 को राजनांदगांव के नए पुलिस अधीक्षक (SP) का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को अपनी प्राथमिकता बताया।
पदभार ग्रहण और अधिकारियों से परिचय
एसपी कार्यालय पहुंचने पर नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा को सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त अधिकारियों की बैठक ली। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मुकेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और सीएसपी वैशाली जैन ने उनसे पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने जिले के थानों और चौकियों में दर्ज आपराधिक रिकॉर्ड, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा, चाकूबाज़ी और असामाजिक तत्वों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता और मीडिया से बेहतर समन्वय
नव पदस्थ एसपी ने थाना/चौकी में आने वाले फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि वे जनसंवाद कर मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी ताकि राजनांदगांव में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण का माहौल बनाया जा सके।
2018 बैच की आईपीएस अधिकारी, बस्तर में कर चुकी हैं काम
सुश्री अंकिता शर्मा 2018 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी हैं। इससे पहले वे बलौदाबाज़ार, रायपुर, जगदलपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और सक्ति जैसे महत्वपूर्ण ज़िलों में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उनकी पिछली पोस्टिंग सक्ती जिले में पुलिस अधीक्षक के तौर पर थी।
राजनांदगांव में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद
आईपीएस अंकिता शर्मा की पहचान उनकी निडर कार्यशैली और सख्त प्रशासनिक क्षमता के लिए रही है। उनके पदभार संभालने से ज़िले में कानून व्यवस्था को और मज़बूत करने की उम्मीद जगी है।



