➡️ वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कहा प्रदेश के लोग मोदी जी पर गर्व करते हैं

राजनांदगांव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 127वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ का नाम एक बार फिर गौरव के साथ लिया गया। इस पर नगर निगम के वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिव वर्मा ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने न सिर्फ प्रदेश का सम्मान बढ़ाया है बल्कि पूरे देश को लोकल संस्कृति, स्वच्छता और एकता का संदेश दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 127वें एपिसोड ने देशभर में उत्साह का माहौल बनाया है। इस कड़ी में नगर निगम राजनांदगांव के वरिष्ठ भाजपा पार्षद, पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व अध्यक्ष शिव वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ का नाम लेकर प्रदेश का मान एक बार फिर ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंबिकापुर शहर को स्वच्छ भारत मिशन में श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए विशेष रूप से प्रशंसा की। वर्मा ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है कि देशभर में स्वच्छता के क्षेत्र में अंबिकापुर का उदाहरण दिया जा रहा है। शिव वर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली पर लोकल के लिए वोकल अभियान की सफलता का जिक्र कर स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों का उत्साह बढ़ाया है। साथ ही उन्होंने छठ पूजा का विशेष उल्लेख कर उत्तर प्रदेश और बिहार मूल के लोगों का भी मान बढ़ाया है। पार्षद वर्मा ने कहा कि मोदी जी ने बस्तर अंचल के संदर्भ में बिरसा मुंडा और जिग्नेश जी को याद कर आदिवासी समाज और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा का सम्मान किया है। वहीं उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह एपिसोड न केवल प्रेरणादायी था बल्कि इसमें राष्ट्र की एकता, स्वच्छता और लोक संस्कृति को सम्मान देने का संदेश भी समाहित था। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर गर्व करते हैं और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। इस दौरान वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा के साथ पार्षद सेवक उईके, पार्षद डुरेंद्र साहू, प्रमोद कुमार, जीवन कुमार आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।



