
राजनांदगांव। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 का समापन समारोह आज अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में, सांसद श्री पाण्डेय ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, पूर्व विधायक श्री विनोद खाण्डेकर, पूर्व अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्री रमेश पटेल, श्री सुमित सिंह भाटिया, श्री आलोक, श्रीमती अमृता सिन्हा, श्री फिरोज अंसारी, श्री रघुवीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस सफल आयोजन की सराहना की।


