➡️ जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष का बड़ा बयान
राजनांदगांव
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलाव को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रविंद्र रामटेके ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने आमजन के हित में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए कर व्यवस्था को सरल और जनहितैषी बनाया है।
श्री रामटेके ने आगे कहा कि 1 जुलाई 2017 से देश में जीएसटी लागू होने के बाद केंद्र सरकार ने कर प्रणाली में बड़ा सुधार किया है। पहले जहां जीएसटी की चार स्लैब थीं, वहीं अब सरकार ने इसे घटाकर केवल दो स्लैब तक सीमित कर दिया है। 28% और 12% की दरों को समाप्त कर अब केवल 5% और 18% की दरें ही रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन के कारण देशभर में करीब 99% वस्तुएँ और सेवाएँ सस्ती हो चुकी हैं। इससे आम जनता को सीधा राहत मिली है उनका क्रय-शक्ति बढ़ा है और गरीबी दूर करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने ने आगे कहा कि जब वस्तुएँ सस्ती होंगी तो लोग अधिक से अधिक खरीदारी करेंगे। इससे बाजार में रौनक बढ़ेगी और सरकार को भी अधिक मात्रा में कर संग्रह होगा। भले ही सरकार ने टैक्स दरों में कटौती की है, लेकिन बड़े पैमाने पर लेन-देन बढ़ने से सरकार को पहले से कहीं अधिक राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस जनहितैषी निर्णय से जनता का झुकाव स्वेच्छा से टैक्स भुगतान की ओर बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था और भी मजबूत होगी।




