➡️ जिला कौशल विकास प्राधिकरण के प्रशिक्षण से युवा बन रहे आत्मनिर्भर, निजी संस्थानों में मिल रही है नौकरी।
राजनांदगांव | 17 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना राजनांदगांव जिले के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। जिला कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवा न केवल तकनीकी रूप से दक्ष हो रहे हैं, बल्कि उन्हें नामी निजी संस्थाओं में रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
प्रशिक्षण के बाद मिला ‘टेक्नोटास्क’ में अवसर
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण ग्राम टेड़ेसरा निवासी श्री हर्ष साहू हैं। हर्ष ने ‘डोमेस्टिक डाटा एण्ट्री ऑपरेटर’ का प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसके तुरंत बाद उन्हें निजी संस्था टेक्नोटास्क में रोजगार मिल गया। हर्ष ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मिले तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता की वजह से ही आज वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे पा रहे हैं।
इन युवाओं को भी मिली सफलता:
सुश्री आकांक्षा कुशवाहा: ग्राम अंजोरा (दुर्ग) की रहने वाली आकांक्षा ने भी डाटा एण्ट्री ऑपरेटर का प्रशिक्षण लेकर टेक्नोटॉस्क में सफलता प्राप्त की है।
श्री आशीष कुमार पटेल: ग्राम थनौद (दुर्ग) के आशीष ने प्रशिक्षण के बाद ‘वायडी फूड प्रोडक्ट’ में रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
जिला कौशल विकास प्राधिकरण राजनांदगांव द्वारा जिले के युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा आत्मनिर्भर होकर निजी क्षेत्र में अपनी जगह बना रहे हैं, जिससे जिले में बेरोजगारी दर कम करने और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में बड़ी मदद मिल रही है।



