
डोंगरगांव। जिले में नए पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जहां एक ओर जुआ, सट्टा और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकांश इलाकों में इन काले धंधों पर पूरी तरह से लगाम लग चुकी है, वहीं डोंगरगांव क्षेत्र की स्थिति इसके ठीक विपरीत नजर आ रही है। डोंगरगांव नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं l
➡️कोकपुर में पनप रहे नए शराब कोचिये
लंबे समय से कोकपुर में अवैध शराब बिक्री को लेकर परेशान ग्रामीणों ने शराब दुकान खोलने की मांग की l शराब दुकान खुलने के बाद भी गांव में अवैध शराब बेचने वाले कोचिये पनप रहे हैं l इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं जिसकी शिकायत और कार्यवाही के बाद भी अवैध शराब बिक्री का काम नहीं रुक रहा है l
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डोंगरगांव पुलिस भले ही बड़े मामलों में कार्रवाई के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि नगर में अटल आवास एरिया, किल्ला डोंगरी, बोधिटोला वार्ड, मटिया के साथ साथ नगर से लगे ग्राम आरी चौक, खुज्जी, बड़भूम, कुमर्दा, कोकपुर और बादराटोला जैसे क्षेत्रों में अवैध शराब बेचने वाले कोचिया तेजी से पनप रहे हैं l
➡️डोंगरगांव से की जा रही सप्लाई
नगर के आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में डोंगरगांव से ही कोचियों के सहायता से शराब पहुचाई जा रही l 24 पव्वा का खेल अवैध शराब बेचने वालों के लिए वरदान साबित हो रहा है l जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है, ऐसे में डोंगरगांव के ग्रामीण क्षेत्रों में कोचियों का सक्रिय होना स्थानीय पुलिसिंग की विफलता को दर्शाता है।



