➡️ विधानसभा अध्यक्ष ने सांकरा लाइवलीहुड कॉलेज में प्रशिक्षणार्थियों को बांटे ऑफर लेटर, राजमिस्त्री कोर्स का शुभारंभ, विकास कार्यों के लिए 10 लाख की घोषणा
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि कौशल विकास प्रशिक्षण से व्यक्ति को जीवन भर के लिए हुनर मिलता है, जो उसे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करता है। डॉ. सिंह आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सांकरा स्थित लाइवलीहुड कॉलेज में ‘ऑफर लेटर वितरण सह राजमिस्त्री प्रशिक्षण’ के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत सांकरा में विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा भी की और सभी को क्वांर नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
हुनरमंद बन रहे युवा
डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कॉलेज स्थापित किए गए हैं। उन्होंने चीन और जापान के उदाहरण देते हुए बताया कि इन देशों की 80 से 85 प्रतिशत आबादी किसी न किसी हुनर में दक्ष है। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर छोटे-छोटे कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर हमारे युवा भी बड़े कार्य कर सकते हैं।
महिलाएं भी बनेंगी राजमिस्त्री
डॉ. सिंह ने बताया कि पहले राजमिस्त्री का कार्य केवल पुरुष करते थे, लेकिन अब महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर राजमिस्त्री बनने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने गारमेंट मेकिंग, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, इलेक्ट्रिशियन, सोलर पैनल जैसे अन्य पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षण का भी उल्लेख किया, जो युवाओं को ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार दिला रहे हैं।
मुख्य घोषणाएं एवं वितरण:
* ऑफर लेटर: सोलर पाठ्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 28 हितग्राहियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए।
* नया कोर्स: राजमिस्त्री कोर्स में 30 हितग्राहियों का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया।
* मानदेय: प्रशिक्षणार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 200 रुपये प्रति दिवस का मानदेय दिया जाएगा।
* आवास चाबी: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबी का वितरण किया गया।
जिले में 820 युवाओं को प्रशिक्षण का लक्ष्य:
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष के प्रयासों से ही प्रदेश में लाइवलीहुड कॉलेजों की स्थापना हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष जिले में 820 युवाओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देने का लक्ष्य मिला है। अब तक 220 युवाओं का पंजीयन किया जा चुका है और 150 प्रशिक्षणार्थी वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दैनिक मजदूरी करने वाले 60 श्रमिकों को प्रशिक्षण के साथ 200 रुपये प्रति दिन का मानदेय और किट भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।




