राजनांदगांव | 13 मई 2026
विशेष रिपोर्ट: संपादक दीपक वैष्णव
राजनांदगांव। सुशासन तिहार 2026 के जनसमस्या निवारण शिविर जरूरतमंदों के जीवन में खुशहाली की नई किरण लेकर आ रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम सिंघोला निवासी दिव्यांग युवक मनीष साहू के जीवन की बाधाएं अब दूर हो गई हैं। मुड़पार में आयोजित शिविर के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने हाथों से मनीष को मोटराईज्ड ट्रायसायकल प्रदान की, जिससे मनीष के आत्मनिर्भर जीवन की नई राह प्रशस्त हुई है।
फोटो: 1st Khabar 24 (दिव्यांग मनीष को मोटराईज्ड ट्रायसायकल सौंपते डॉ. रमन सिंह)
संघर्ष से स्वावलंबन तक: माँ और बेटे की आँखों में झलकी खुशी
दोनों पैरों से दिव्यांग मनीष साहू के लिए घर की दहलीज पार करना एक बड़ी चुनौती थी। मनीष की माँ श्रीमती अनीता साहू को अपने बेटे को गोद में उठाकर बाहर ले जाना पड़ता था। श्रीमती अनीता ने सुशासन तिहार शिविर में मोटराईज्ड ट्रायसायकल के लिए आवेदन किया, जिस पर शासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की और शिविर में ही वाहन उपलब्ध करा दिया।
मनीष की माँ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “अब मेरा बेटा आत्मनिर्भर बन सकेगा। उसे डॉक्टर के पास ले जाने या बाजार जाने के लिए अब किसी के सहारे की जरूरत नहीं होगी। यह ट्रायसायकल हमारे परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।” मोटराईज्ड ट्रायसायकल पाकर मनीष का चेहरा आत्मविश्वास से खिल उठा।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन की यह पहल न केवल समस्याओं का समाधान कर रही है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी कर रही है।
फर्स्ट खबर 24 न्यूज़ डेस्क