
राजनांदगांव/अंबागढ़ चौकी:
रामानंद संप्रदाय के प्रमुख और नाणीजधाम (महाराष्ट्र) स्थित दक्षिण पीठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री नरेन्द्रचार्य जी महाराज आगामी 17 फरवरी को छत्तीसगढ़ के अंबागढ़ चौकी पधार रहे हैं। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
समस्या मार्गदर्शन और दीक्षा समारोह
आयोजन समिति ‘रामानंद संप्रदाय भक्त सेवा मंडल छत्तीसगढ़’ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भव्य समस्या मार्गदर्शन समारोह 17 फरवरी 2026, मंगलवार को सुबह 9 बजे से ग्रीन पार्क क्रिकेट स्टेडियम, अंबागढ़ चौकी में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान महाराज जी भक्तों की समस्याओं का समाधान करेंगे और उन्हें आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। साथ ही, इस अवसर पर ‘उपासक दीक्षा’ समारोह का भी आयोजन किया गया है।
कानिफनाथ महाराज के सानिध्य में भव्य आयोजन
कार्यक्रम दक्षिण पीठ के उत्तराधिकारी परम पूज्य कानिफनाथ महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। आयोजकों ने बताया कि जगद्गुरु नरेन्द्रचार्य जी का संदेश “तुम जिओ, दूसरों को जीवन दो” जन-जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
प्रदेशभर से जुटेंगे अनुयायी
इस समारोह में केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों से हजारों की संख्या में अनुयायियों के पहुँचने की उम्मीद है। कार्यक्रम में प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।



