राजनांदगांव,16 सितंबर, 2025
वन विभाग ने राजनांदगांव जिले में वन्यप्राणी कोटरी का शिकार करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना वन परिक्षेत्र उत्तर बोरतलाव के उप वृत्त कोलारघाट के कक्ष क्रमांक 419 में हुई।
वन विभाग के रात्रिकालीन गश्ती दल ने गश्त के दौरान चार आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। इन आरोपियों की पहचान जय डेनियल (मिसिया बाड़ा, डोंगरगढ़), नील फ्रांसिंस (डोंगरगढ़), विशाला उर्फ इशान (वार्ड नंबर 9, डोंगरगढ़) और विश्वनाथ गोड़ (कोलारघाट) के रूप में हुई है।
वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत इन चारों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी डोंगरगढ़ के समक्ष पेश किया गया है, जहाँ से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



