राजनांदगांव। जिले में अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस चौकी चिचोला और डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से पाटेकोहरा बैरियर के पास स्थित एक ढाबे पर छापा मारकर अवैध डीजल के बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मौके से कुल 610 लीटर अवैध डीजल और बिक्री की नगद रकम जब्त की है. मामले में ढाबा मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी ढाबा संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है.

फोटो: 1st Khabar 24 (चिचोला पुलिस और स्पेशल टीम की कस्टडी में गिरफ्तार आरोपी और भारी मात्रा में जब्त अवैध डीजल)
आरटीओ बैरियर के पास ट्रकों से निकालते थे डीजल
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 जून 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया कि रामपुर (खातुटोला) पाटेकोहरा बैरियर के पास स्थित यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा) का संचालक अपने परिसर में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर रहा है. यहाँ आने-जाने वाले ट्रकों के ड्राइवरों से सस्ते दामों में डीजल खरीदकर उसे अन्य ड्राइवरों को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध धन लाभ अर्जित किया जा रहा था.
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर तत्काल टीम का गठन किया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केंसरीनंदन नायक के दिशा-निर्देशन में स्पेशल टीम डोंगरगढ़ डिवीजन और पुलिस चौकी चिचोला ने जुम्मन ढाबा पर अचानक संयुक्त रेड मार दी. पुलिस पार्टी को देखकर डीजल खरीद रहे कुछ लोग पीछे के रास्ते खेत और जंगल की ओर भागने में सफल रहे.
जानिए गिरफ्तार आरोपी और फरार मुख्य सरगना का विवरण
गिरफ्तार आरोपी (मैनेजर):
• बहादुर अली पिता स्वर्गीय साकिर अली (उम्र 50 साल) — वर्तमान पता: यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा) रामपुर (खातुटोला), पाटेकोहरा बैरियर के पास, चौकी चिचोला, जिला राजनांदगांव (छ.ग.). स्थायी पता: ग्राम माचा, पोस्ट खम्हरिया, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश).
फरार मुख्य आरोपी (ढाबा संचालक):
• अतीक खान उर्फ जुम्मन खान पिता रफीक खान — निवासी: रामपुर खातूटोला (जिसकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश जारी है).
मौके से जप्त डीजल और नगदी का पूरा ब्योरा
पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में जब ढाबा परिसर की सघन तलाशी ली, तो आरोपी बहादुर अली के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध डीजल बरामद हुआ. पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल सामग्री इस प्रकार है:
• 60-60 लीटर क्षमता वाले 02 नग नीले प्लास्टिक जर्रीकेन (कुल 120 लीटर डीजल)
• 50-50 लीटर क्षमता वाले 03 नग नीले प्लास्टिक जर्रीकेन (कुल 150 लीटर डीजल)
• 40-40 लीटर क्षमता वाले 04 नग नीले प्लास्टिक जर्रीकेन (कुल 160 लीटर डीजल)
• 20-20 लीटर क्षमता वाले 09 नग सफेद प्लास्टिक केन (कुल 180 लीटर डीजल)
इस प्रकार पुलिस ने कुल 610 लीटर अवैध डीजल (जुमला कीमती ₹62,830) और डीजल बिक्री की नगद रकम ₹500 जब्त की है. कुल जुमला जब्ती ₹63,330 आंकी गई है.
₹15 हजार प्रति माह की सैलरी पर कर रहा था अवैध धंधा, भेजा गया जेल
बरामद डीजल के रख-रखाव और बिक्री के संबंध में पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज पेश करने का नोटिस देने पर आरोपी बहादुर अली कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अतीक अहमद उर्फ जुम्मन खान के ढाबे में ₹15,000 प्रति माह की दर से मैनेजर का काम करता है तथा ढाबे में अवैध डीजल की देखरेख और खरीदी-बिक्री का पूरा काम संभालता है.
आरोपी का यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत दंडनीय अपराध होने के कारण पुलिस ने आरोपी बहादुर अली को विधिवत गिरफ्तार कर लिया. आज दिनांक 07 जून 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है.
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका: इस शानदार और त्वरित दबोचने की कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली/चिचोला क्षेत्र के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक/चौकी प्रभारी चिचोला, सउनि इसराफिल खान (संबंधित मामलों से इतर टीम), प्र.आर. संदीप चौहान, आर. प्रयांश, श्रीनिवास राव, साइबर सेल, स्पेशल टीम डोंगरगढ़ डिवीजन एवं चिचोला पुलिस पेट्रोलिंग टीम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही.
इसे भी पढ़ें:



