राजनांदगांव: रामलला दर्शन यात्रियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए डॉ. रमन सिंह

Picture of Deepak Vaishnava

Deepak Vaishnava

FOLLOW US:

SHARE:

Spread the love
राजनांदगांव / मुख्य सांस्कृतिक व शासकीय समाचार | 07 जून 2026

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित ‘श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना’ एवं ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के यात्रियों के भव्य सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ का पुण्य दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं का स्वागत शॉल, श्रीफल और रामचरितमानस भेंट कर किया गया. इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों और मंगल ध्वनि से गूंज उठा.

Dr Raman Singh Rajnandgaon Ramlala Yatra Samman Samaroh

फोटो: 1st Khabar 24 (ऑडिटोरियम में तीर्थयात्रियों को सम्मानित करते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, साथ में कलेक्टर व अन्य जनप्रतिनिधि)

अयोध्या से लौटे श्रद्धालुओं के पैर छूने का मिला सौभाग्य: डॉ. रमन सिंह

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का दिन बेहद सौभाग्य का दिन है. अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन कर लौटे दर्शनार्थी जिन पैरों से चलकर वापस आए हैं, उन्हें छूने और उनका आशीर्वाद पाने का यह पावन अवसर मिला है. उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीराम का पुण्य आशीष हम सभी को मिले और छत्तीसगढ़ में सुख, समृद्धि व खुशहाली बनी रहे.

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा हैं और अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है. उन्होंने अपनी स्वेच्छानुदान निधि से कार्यक्रम में उपस्थित सभी रामायण मंडली की समितियों को ₹3,000 प्रदान करने की बड़ी घोषणा की. साथ ही सभी तीर्थयात्रियों को श्री रामलला की फोटोफ्रेम उपहार में देने की बात कही. उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सरकार और जिला प्रशासन की सराहना की.

📊 कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने साझा किए आंकड़े:
समारोह में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने बताया कि ‘श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना’ के तहत अब तक राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से कुल 5,950 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की सुरक्षित व सुखद यात्रा कराई जा चुकी है. जिला प्रशासन द्वारा दुर्ग एवं बस्तर संभाग के उन यात्रियों के लिए भी एक दिन पहले ही ठहरने, स्वास्थ्य और भोजन की उत्तम व्यवस्था की जाती है जो राजनांदगांव स्टेशन पहुंचते हैं. इसमें नगर निगम और समाज कल्याण विभाग की समन्वित सहभागिता रही है.

तीर्थयात्रियों ने साझा किए अपने अविस्मरणीय अनुभव

यात्रा से वापस लौटे श्रद्धालु श्री रामगोपाल गौराहा, श्री हरिहारनों एवं श्रीमती ललिता वैष्णव सहित कई भक्तों ने मंच से अपने सुखद अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि ट्रेन में शासन द्वारा भोजन, नाश्ता, कंबल, छाता और ठहरने की बहुत ही वीआईपी व्यवस्था की गई थी. श्रद्धालुओं ने अंतिम व्यक्ति तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार को साधुवाद दिया. कार्यक्रम के दौरान ‘राम-सिया-राम’ के समधुर भजनों की प्रस्तुति भी दी गई.

समारोह में ये रहे गरिमामय रूप से उपस्थित:
इस पावन अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष श्री योगेशदत्त शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, शिव वर्मा, राजेश श्यामकर सहित वनमंडलाधिकारी श्री आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अनिकेत साहू, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरड़वार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित थे.

🎙️ संपादक: दीपक वैष्णव  |  📝 फर्स्ट खबर 24 न्यूज़ डेस्क
Deepak Vaishnava
Author: Deepak Vaishnava

.

Leave a Comment

Read More