राजनांदगांव। डोंगरगांव विकासखंड के अंतर्गत हमारे अपने ग्राम पंचायत आसरा में जल संरक्षण की दिशा में एक बेहतरीन और सराहनीय कदम उठाया गया है. क्षेत्र में पानी की कमी को दूर करने और गिरते वाटर लेवल को सुधारने के लिए ‘मिशन जल रक्षा’ के तहत बोरी बंधान का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है. इस महत्वपूर्ण जल संरक्षण कार्य का अवलोकन करने जनपद पंचायत डोंगरगांव की अध्यक्ष श्रीमती रंजीता कपिल पडौती सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

फोटो: 1st Khabar 24 (ग्राम पंचायत आसरा में नाले पर बने बोरी बंधान का निरीक्षण करतीं जनपद अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पडौती, सरपंच शरद वैष्णव व अन्य)
बोरी बंधान से दूर होगा गांव का जल संकट: रंजीता पडौती
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत डोंगरगांव की अध्यक्ष श्रीमती रंजीता कपिल पडौती ने ग्रामीणों की इस सामूहिक पहल की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि बोरी बंधान जैसे छोटे और स्थानीय स्तर के प्रयासों से गांवों में जल संकट की बड़ी से बड़ी समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है. वर्षा के जल को इस तरह रोककर हम भू-जल स्तर (वाटर लेवल) को बढ़ाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. वहीं, जनपद सदस्य श्रीमती अनिता पंचारी ने भी मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को पानी की एक-एक बूंद सहेजने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
ग्राम पंचायत आसरा के सरपंच श्री शरद वैष्णव ने बोरी बंधान की तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीमेंट की खाली बोरियों में सूखी रेत और मिट्टी भरकर इस अस्थायी बंधान का निर्माण किया गया है. इससे नाले का बहता हुआ पानी रुकेगा, जिससे गांव में जल की उपलब्धता काफी बढ़ जाएगी. इस पानी से न केवल मवेशियों को पीने का पानी मिलेगा, बल्कि रबी सीजन की फसलों के दौरान आसपास के खेतों को सिंचाई के लिए भी भरपूर लाभ प्राप्त होगा.
पूरे डोंगरगांव ब्लॉक में चलाया जा रहा है विशेष अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, ‘मिशन जल रक्षा’ के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिर्फ आसरा ही नहीं, बल्कि जनपद पंचायत डोंगरगांव के ग्राम पंचायत सुखरी, कु. भाठागांव, सालिकझिटीया और खम्हेरा में भी बोरी बंधान का कार्य मुस्तैदी से पूर्ण किया गया है. क्षेत्र में आगामी वर्षा ऋतु के आगमन से पहले अधिक से अधिक वर्षा जल को सहेजने के लिए सभी छोटे-बड़े बरसाती नालों में बोरी बंधान का कार्य करने हेतु एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.
आसरा में कार्य के दौरान ये रहे उपस्थित:
इस गौरवपूर्ण कार्य के अवसर पर ग्राम पंचायत आसरा की उपसरपंच श्रीमती अरूण बाई, श्री अंशुमान वैष्णव, पंचायत सचिव श्री बिहारी लाल मंडावी, रोजगार सहायक श्री कौशल कुंजाम, पंचायत के समस्त सम्मानित पंच गण एवं बड़ी संख्या में जागरूक ग्रामवासी तथा माताएं-बहनें विशेष रूप से उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें (विशेष रिपोर्ट):




