राजनांदगांव: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र को दी 6.42 करोड़ की सौगात, जिला अस्पताल के उन्नयन कार्य का किया लोकार्पण

Picture of Deepak Vaishnava

Deepak Vaishnava

FOLLOW US:

SHARE:

Spread the love
राजनांदगांव  | 03 जून 2026

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है. छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज जिला चिकित्सालय में 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रूपए की कुल लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी. इस दौरान उन्होंने अस्पताल के प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य का भव्य लोकार्पण किया. इसके साथ ही, उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास भी संपन्न किया.

Assembly Speaker Dr Raman Singh Inaugurated Hospital Works Rajnandgaon

फोटो: 1st Khabar 24 (राजनांदगांव जिला चिकित्सालय में उन्नयन कार्यों का लोकार्पण करते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह)

जानिए स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे का पूरा बजट

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इन स्वीकृत कार्यों का पूरा ब्योरा साझा किया. उन्होंने बताया कि आज स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रूपए की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण हुआ है. इसके अतिरिक्त, 2 करोड़ 86 लाख रूपए की लागत से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया है. उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिला चिकित्सालय और शासकीय मेडिकल कॉलेज से स्वास्थ्य लाभ लेने वाले मरीजों की प्रतिक्रिया हमेशा सकारात्मक रही है.

इसी कड़ी में, डॉ. रमन सिंह ने मातृ मृत्यु दर (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) की चुनौतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि राजनांदगांव जिले में इसके खिलाफ सजग लड़ाई लड़ी जा रही है. वर्तमान में जिले के मातृ मृत्यु दर के आंकड़े राज्य के औसत से भी कम हैं, जो कि एक सुखद संकेत है. उन्होंने घोषणा की कि जिला चिकित्सालय में छत की मरम्मत और लिफ्ट सुधार कार्य जल्द होगा. इसके साथ ही, डीएमएफ (DMF) मद से 2 स्त्री रोग विशेषज्ञ, डेंटल एक्स-रे मशीन और सेपरेटर मशीन की व्यवस्था तत्काल की जाएगी. अन्य समस्याओं को राज्य के बजट से दूर करने का प्रयास होगा.

जिला चिकित्सालय को मिला नया स्वरूप और बेहतर कलेवर

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय आज एक नए स्वरूप और बेहतरीन कलेवर के साथ जिलेवासियों को मिला है. यहाँ के डॉक्टर और नर्स पूरी तत्परता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं. अस्पताल में ऊंचाई विस्तार की बहुत आवश्यकता थी, जिसे आज पूरा किया गया है. कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने भी चिकित्सालय की टीम को पूरी मेहनत के साथ सही दिशा में काम करने का दायित्व सौंपा.

इसी क्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सुश्री सुरूचि सिंह ने चिकित्सालय का प्रतिवेदन वाचन किया. उन्होंने जानकारी दी कि जिले में हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप मातृ मृत्यु दर में भारी कमी दर्ज की गई है.

इस गरिमामय अवसर पर ये प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस भव्य लोकार्पण और भूमिपूजन समारोह के दौरान क्षेत्र के अनेक प्रमुख नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. मंच पर महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह और समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत प्रमुख रूप से आसीन रहे.

इसके साथ ही समाजसेवी श्री गौतम पारख, जीवनदीप समिति से श्री गुरमुख दास, श्री राजेश श्यामकर, श्री भागचंद, श्री अरविंद, श्री कांति कुमार फुले, श्री आनंद साहू और श्री संदीप भट्टाचार्य उपस्थित थे. प्रशासनिक स्तर पर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पंकज लुका, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित रेखा मेश्राम, खेमीन यादव और अकरम कुरैशी विशेष रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम का सफल संचालन श्री दिलीप श्रीवास्तव ने किया.

🎙️ संपादक: दीपक वैष्णव  |  📝 फर्स्ट खबर 24 न्यूज़ डेस्क
Deepak Vaishnava
Author: Deepak Vaishnava

.

Leave a Comment

Read More