➡️ जशपुर के दोकड़ा मंदिर पहुँचे सीएम साय, पत्नी कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से की भगवान की सेवा

रायपुर/जशपुर | 21 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपने 62वें जन्मदिवस के शुभ अवसर पर जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में माथा टेका। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
जनकल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर की परिक्रमा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनकल्याण ही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास और प्रगति के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस विशेष अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर ग्रामीणों ने भी उन्हें ढेरों बधाई और शुभकामनाएं दीं।



