लालबाग (राजनांदगांव) | 04 मई 2026
राजनांदगांव जिले के थाना लालबाग अंतर्गत ग्राम कविराज टोलागांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने पारिवारिक रंजिश के चलते अपनी पत्नी की टंगिया से वार कर निर्मम हत्या कर दी। लालबाग पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
🚩 क्या है पूरा मामला?
दिनांक 04.05.2026 की सुबह जिला पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि ग्राम कविराज टोलागांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि आरोपी रंजीत पारधी (38 वर्ष) ने अपनी पत्नी पूर्णिमा पारधी पर टंगिया से प्राणघातक हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विवाद और रंजिश की वजह:
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी 12-13 वर्ष पूर्व हुई थी। पिछले एक वर्ष से उसकी पत्नी उसे छोड़कर उसके चचेरे भाई के साथ रह रही थी। इसी पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के कारण सुबह जब पूर्णिमा शौच के लिए निकली, तब आरोपी ने टंगिया से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।
⚖️ पुलिस की त्वरित कार्यवाही और जब्ती
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रंजीत पारधी को हिरासत में लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, टीवीएस मोपेड और घटना के समय पहने कपड़े जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) BNS (अपराध क्रमांक 181/2026) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👥 सराहनीय योगदान
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, सउनि ए.पी. शीला, आरक्षक कमल किशोर यादव, बर्मा प्रसाद घृतलहरे और राकेश धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संपादक: दीपक वैष्णव | 1st Khabar 24




