क्राइम डेस्क: संपादक दीपक वैष्णव
‘छतमार’ गिरोह का आतंक: ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
यह गिरोह बेहद शातिराना तरीके से दुकानों को निशाना बनाता था। आरोपी रात के अंधेरे में दुकानों की छत के रास्ते अंदर प्रवेश करते थे और गल्ले में रखे नगदी व कीमती सामानों पर हाथ साफ कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने सीसीटीव्ही फुटेज, टावर डंप और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह की पहचान राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के अपराधियों के रूप में की है।
इन चार बड़ी वारदातों का हुआ खुलासा:
- नंदलाल हार्डवेयर (महावीर चौक): 60 हजार रुपये नगद चोरी।
- गणेश मेडिकल स्टोर (मानव मंदिर चौक): 7 लाख रुपये की बड़ी चोरी।
- नरेश वॉच (मानव मंदिर चौक): 2.50 लाख नगद और कीमती घड़ियां पार।
- संगम साड़ी दुकान (हमालपारा): 3 लाख नगद और सोने की चेन सहित 4 लाख की चोरी।
पुलिस टीम ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दबिश देकर मुख्य आरोपी दिनेश चरपोटा (36 वर्ष) को केंद्रीय जेल बांसवाड़ा से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर राजनांदगांव लाया है। मामले में तीन अन्य आरोपी— हरिश उर्फ हरिया, परमेश उर्फ फन्टु और सुनील चरपोटा फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।




