गैंदाटोला (राजनांदगांव) | 02 मई 2026
राजनांदगांव जिले के थाना गैंदाटोला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मातेखेड़ा में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ट्रैक्टर चालक और ट्रैक्टर मालिक की लापरवाही व क्रूरता ने 13 वर्षीय मासूम की जान ले ली। आरोपियों ने न केवल नाबालिग से जान जोखिम भरा काम कराया, बल्कि हादसे में उसकी मौत के बाद शव को 3 किलोमीटर दूर फेंक दिया।
🛑 शादी में गए थे परिजन, पीछे से बालक को ले गया आरोपी
प्रार्थी रघुवीर सिंह मंडावी 30 अप्रैल को सपरिवार एक शादी समारोह में ग्राम अमलीडीह गए हुए थे। घर पर उनकी सास और 13 वर्षीय पुत्र भावेश मंडावी थे। इसी दौरान गांव का ही जशवंत नेताम, भावेश को बिना बताए अपने साथ ट्रैक्टर में बैठाकर ले गया। अगले दिन जब बालक नहीं लौटा, तब परिजनों ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।
🚜 खेत समतलीकरण के दौरान हुआ हादसा
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जशवंत नेताम ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू के खेत में काम कर रहा था। आरोपियों ने मासूम भावेश से ट्रैक्टर की ट्रॉली का हुक खुलवाया। इसी दौरान ट्रैक्टर को आगे-पीछे करते समय ट्रॉली पलट गई और भावेश उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य छुपाने के लिए मानवता शर्मसार:
पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने मासूम के शव को ट्रैक्टर ट्रॉली में लादा और घटनास्थल से 3 किलोमीटर दूर ग्राम केशोटोला के एक खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बालक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया है।
⚖️ आरोपी गिरफ्तार एवं जब्ती
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है:
- जशवंत नेताम (25 वर्ष): ट्रैक्टर चालक
- ओमप्रकाश साहू (35 वर्ष): ट्रैक्टर स्वामी
जप्त सामग्री: लोडर ट्रैक्टर, ट्रैक्टर मय ट्रॉली एवं 2 मोबाइल फोन (कुल कीमती ₹11.77 लाख)।
संपादक: दीपक वैष्णव | 1st Khabar 24




