राजनांदगांव: अंधे कत्ल का 48 घंटे में खुलासा, चरित्र पर संदेह के चलते पति ने ही की थी पत्नी की हत्या; 3 गिरफ्तार

Picture of Deepak Vaishnava

Deepak Vaishnava

FOLLOW US:

SHARE:

अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए राजनांदगांव पुलिस और आरोपी
Spread the love

अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए राजनांदगांव पुलिस और आरोपी

डोंगरगढ़/राजनांदगांव (1stkhabar24) । राजनांदगांव पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा में मिली अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। चरित्र पर संदेह के चलते पति ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पत्थर से सिर कुचलकर की गई थी हत्या

​विवरण के अनुसार, दिनांक 22-02-2026 को ग्राम भैंसरा के पास एक अज्ञात महिला की लाश मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतिका की पहचान पूर्णिमा नेताम (35 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से महिला के सिर को पत्थर से कुचल दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल और डोंगरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

चरित्र पर संदेह बना हत्या का कारण

​जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतिका के पति सुनील वंजारी पर संदेह हुआ। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान सुनील ने स्वीकार किया कि उसने पत्नी के चरित्र पर संदेह होने के कारण अपने साथी ज्योतिष सिंह नेताम के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। 21 फरवरी की शाम वे महिला को बहाने से बगीचे में ले गए और वहां पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

साक्ष्य छिपाने में दोस्त ने की मदद

​हत्या के बाद मुख्य आरोपी सुनील ने अपने खून से सने कपड़े साक्ष्य मिटाने के लिए अपने दोस्त नीलकंठ साहू को दे दिए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी:

सुनील वंजारी (45 वर्ष): मुख्य आरोपी (मृतिका का पति)।

ज्योतिष सिंह नेताम (40 वर्ष): सह-आरोपी।

नीलकंठ साहू (71 वर्ष): साक्ष्य छिपाने में सहयोगी।

​पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 61(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह भी पढ़ें https://1stkhabar24.in/rajnandgaon-collector-district-hospital-news/

रिपोर्ट: दीपक वैष्णव, संपादक  1stkhabar24.in

Deepak Vaishnava
Author: Deepak Vaishnava

.

Leave a Comment